home page

बहादराबाद गोलीकांड के आरोपित ने हथियार समेत किया सरेंडर

 | 
बहादराबाद गोलीकांड के आरोपित ने हथियार समेत किया सरेंडर


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड मामले के संभावित आरोपित ने स्वयं को पुलिस के सामने पेश करते हुए कोतवाली में सरेंडर किया। इस मौके परवारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा, एक जिंदा कारतूस और काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन भी लेकर पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई को विजय भाई पुत्र स्वर्गीय कर्ण सिंह निवासी टिकोलकला, मंगलौर ने थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मई को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पीछा करते हुए उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई। लगातार जांच और दबिश के बीच सोमवार को मंजीत नामक युवक खुद कोतवाली बहादराबाद पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार आरोपित मंजीत पुत्र ओंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी, शांतरशाह थाना बहादराबाद, उम्र 32 वर्ष है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला