कार लूटकर भाग रहे बदमाशों ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, मौत
हरिद्वार, 15 मार्च (हि.स.)। तीन बदमाशों ने कार लूट की घटना को अंजाम दिया और कार चालक को कार से नीचे गिराकर फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने स्कूटी सवार रिटायर सिंचाई विभाग के इंजीनियर अनिल त्यागी को टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। उसके बाद आरोपित कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलौर के ग्राम नगला निवासी रोहित गाड़ी चलाने का काम करता है। शनिवार की देर शाम तीन व्यक्तियों ने मोहनपुर से हरियाणा जाने के लिए उसकी टाटा नेक्सा बुक की थी। जैसे ही गाड़ी चालक मंगलौर गुड मंडी पर पहुंचा तो आरोपितों ने किसी बहाने से कार चालक से गाड़ी रुकवा कर उसे गाड़ी से उतारकर मारपीट की और गाड़ी लेकर फरार हो गए। भागने के दौरान उनकी गाड़ी ने स्कूटी सवार अनिल त्यागी निवासी ग्राम कुहाहेड़ी गुरुकुल नारसन को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और आरोपितों की तलाश कर रही है, जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

