चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, 11 टीमों ने बाजारों में की ताबड़तोड़ छापेमारी
पौड़ी गढ़वाल, 23 अगस्त (हि.स.)। त्योहारी सीजन और बाजार में चीनी की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर शिकंजा कसने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने जनपदभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की 11 टीमों ने अलग-अलग बाजारों में एक साथ छापेमारी कर खाद्य दुकानों में चीनी के स्टॉक और उपलब्धता की जांच की।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, लक्ष्मणझूला, चौबट्टाखाल, रिखणीखाल, दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। टीमों ने दुकानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का जायजा लेने के साथ ही दुकानदारों को निर्धारित नियमों के अनुरूप कारोबार करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से कहा कि उपभोक्ताओं की जरूरत को देखते हुए चीनी का अनावश्यक भंडारण न किया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की जमाखोरी, कालाबाजारी या अवैध बिक्री की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच और कार्रवाई की जाएगी।
बाजारों पर रहेगी विभाग की पैनी नजर
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि आम उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध हो, इसके लिए विभाग लगातार बाजारों की निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कृत्रिम कमी पैदा करने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण के साथ-साथ अचानक चेकिंग भी की जाएगी। यदि किसी दुकान पर चीनी का अवैध भंडारण, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी सामने आती है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन के इस अभियान से बाजारों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने साफ किया है कि आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

