गोमांस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक से कर रहे थे सप्लाई
हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। गौकशी और गोमांस की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पथरी पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 किलोग्राम गोमांस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से गोमांस का परिवहन कर रहे थे।
गौकशी और गोमांस के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 29 नवंबर को फेरूपुर चौकी पुलिस टीम दोगीवाला रोड स्थित ट्यूबवेल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर गोमांस लेकर जा रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से करीब 80 किलोग्राम गोमांस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो छुरियां, एक कुल्हाड़ी, तराजू, बाट समेत गोकशी और गोमांस की बिक्री में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने जंगल के सुनसान इलाकों में गोकशी कर गोमांस बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना पथरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते इरफान पुत्र शराफत, निवासी धनपुरा, थाना पथरी व खुर्शीद पुत्र असगर, निवासी घिस्सुपुरा, थाना पथरी, हरिद्वार बताए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

