home page

कांवड़ियों की भीड़ में नकली नोट खपाने पहुंचे शातिर! व्यापारी ने पकड़ा तो छोड़कर भागे 30 हजार के जाली नोट

 | 
कांवड़ियों की भीड़ में नकली नोट खपाने पहुंचे शातिर! व्यापारी ने पकड़ा तो छोड़कर भागे 30 हजार के जाली नोट


हरिद्वार, 08 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेले की भारी भीड़ के बीच नकली नोट खपाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के भेष में पहुंचे कुछ युवकों ने एक व्यापारी के यहां खरीदारी के दौरान नकली नोट चलाने का प्रयास किया। नोटों पर शक होने के बाद व्यापारी ने युवकों को पकड़ लिया, लेकिन भीड़ बढ़ते ही आरोपी व्यापारी की पकड़ से झटका देकर अपने साथियों के साथ फरार हो गए।

व्यापारी को हुआ शक, भीड़ का फायदा उठाकर फरार

मामला हरकी पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास का है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक कांवड़ यात्रियों के भेष में एक दुकान पर पहुंचे और खरीदारी के दौरान नोट दिए। नोट देखते ही व्यापारी को उनमें कुछ गड़बड़ी नजर आई। उसने युवकों को पकड़ लिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी व्यापारी की पकड़ से छूट गए और भीड़ में गायब हो गए।

आरोपितों का सामान बना सुराग, मिले 30 हजार के जाली नोट

आरोपियों के मौके पर छूटे सामान की तलाशी ली गई तो उसमें करीब 30 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई। बरामद जाली नोटों में 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल बताए जा रहे हैं। सामान से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नकली नोटों समेत अन्य सामान को कब्जे में ले लिया।

टिकट और दस्तावेजों से आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अब बरामद रेलवे टिकटों और दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और यहां से फरार होने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि कांवड़ मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से निकल गए।

पुलिस ने शुरू की आरोपितों की तलाश

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मौके से जाली नोट बरामद हुए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ मेले में पहले भी पकड़े जा चुके हैं नकली नोट गिरोह

गौरतलब है कि कांवड़ मेले से पहले ही हरिद्वार पुलिस को नकली नोटों को खपाने की आशंका थी। इससे पहले नगर कोतवाली पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब निवासी मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

वहीं, इससे पहले श्यामपुर थाना पुलिस ने भी नकली नोट गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनमें हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के आरोपी शामिल थे। अब कांवड़ मेले के दौरान कांवड़ियों के भेष में नकली नोट चलाने की कोशिश सामने आने के बाद पुलिस के लिए यह मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद नकली नोट कहां से लाए गए थे और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला