home page

पार्षद ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 18 जून (हि.स.)। नगर निगम श्रीनगर की कार्यप्रणाली पर पार्षद संदीप रावत ने सवाल उठाए हैं। वार्ड 40 के पार्षद ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया को शिकायती पत्र सौंपते हुए निगम प्रशासन पर कई अनियमितताओं के आरोप लगाए।

आज पार्षद ने जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि नगर निगम से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचनाएं निर्धारित समय में उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। कहा कि इस मामले में राज्य सूचना आयोग में अपील की जाएगी। उन्होंने गोशाला संचालन, गायों की मौत और अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी शिकायतें की हैं।

संदीप रावत ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन द्वारा बोर्ड बैठक, कार्यवृत्त और निविदा प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियां समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया को लेकर भी सवाल हैं। साथ ही उन्होंने गोशाला में अनियमितताओं की जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मामले की शिकायतें की गई थीं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अपनी शिकायतों से जुड़े दस्तावेज जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि नगर निगम में अनियमितता, कार्यवृत्त उपलब्ध न होने और गोशाला संचालन से संबंधित शिकायतों की जांच की जा चुकी है। पार्षद द्वारा दी गई अन्य शिकायतों का संज्ञान लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह