home page

सहकारिता चौपाल: समितियों को स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार का मिला नया मंत्र

 | 
सहकारिता चौपाल: समितियों को स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार का मिला नया मंत्र


हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को हरिद्वार में सहकारिता चौपाल का आयोजन किया गया। विकास भवन रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहकारी समितियों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार, आय बढ़ाने और व्यवसाय विस्तार के लिए प्रेरित किया।

सहायक निबंधक सहकारिता मोनिका चुनेरा ने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशन में पूरे प्रदेश में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास, उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि वर्ष 2025-26 में हरिद्वार जनपद ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के तहत 56 करोड़ रुपये की उर्वरक बिक्री कर किसानों को लाभ पहुंचाया है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद में 8 एम-पैक्स के माध्यम से 8 आधुनिक अन्न भंडारण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को अनाज और मसालों के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी। साथ ही सभी एम-पैक्स को कॉमन सर्विस सेंटर सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सौ सिंह ने बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.सी. जोशी ने प्रत्येक विकासखंड में सहकारी समितियों के माध्यम से पशु औषधि केंद्र खोलने का सुझाव दिया।

सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने समितियों से ऑर्नामेंटल (सजावटी) मछली बिक्री केंद्र संचालित करने का आह्वान किया। वहीं दुग्ध विकास और उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में इफको के फील्ड अधिकारी, यूसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहकारी समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, बोर्ड सदस्य व सहकारिता विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला