मुक्तेश्वर में 4.54 करोड़ की लागत से सरफेस पार्किंग और प्लाजा का निर्माण शुरू
नैनीताल, 26 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर में पुलिस थाने के निकट 454.68 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सरफेस पार्किंग एवं प्लाजा का निर्माण शुरू होने जा रहा है। शनिवार को निर्माण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की मांग के पूरा होने से मुक्तेश्वर आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को यातायात जाम से राहत मिलने तथा पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम में मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुक्तेश्वर प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल है और यहां सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता में है। पार्किंग और प्लाजा बनने से यातायात व्यवस्था के साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी सुविधा मिलने की बात उन्होंने कही।
कार्यक्रम में रामगढ़ के भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे, धारी मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, कमलेश बिष्ट, गुड्डू नयाल, संजय नयाल, पवन डंगवाल, कृष्णा बिष्ट, हरेंद्र नयाल और राजेंद्र कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

