गंगाजल हाथ में लेकर कांग्रेस ने हरिद्वार से शुरू की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा
हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस ने बुधवार को हरिद्वार से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ यात्रा’ शुरू की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। शिवमूर्ति चौक से सुभाष घाट तक निकली यात्रा के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गंगा पूजन किया और गंगाजल हाथ में लेकर मतदाता अधिकारों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
यात्रा की शुरुआत शहर कोतवाली के सामने स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि से हुई। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, करन माहरा, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद कांग्रेस नेता सुभाष घाट पहुंचे, जहां गंगा पूजन किया गया। सैलजा, गोदियाल समेत कई नेता गंगा में उतरे और गंगाजल हाथ में लेकर लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा की प्रार्थना की।
प्रभारी सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बना रही है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस किसी भी स्थिति में लोगों का मताधिकार छिनने नहीं देगी। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदान नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से लेकर हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार,हरिद्वार से शुरू हुई यात्रा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जाएगी। इसके माध्यम से मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा। यात्रा में सहप्रभारी गुरप्रीत सप्पल, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

