एसआईआर के दूसरे चरण से पहले परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराने की मांग
देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूसरे चरण के शुरू होने से पहले बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराने की मांग की है।
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि प्रीतम सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि एसआईआर का दूसरा चरण तीन अगस्त से शुरू होना है। मतदाता सूची के सत्यापन और पात्र मतदाताओं की सही पहचान के लिए परिवार रजिस्टर एक महत्वपूर्ण आधारभूत दस्तावेज है।
उन्होंने कहा कि यदि बीएलओ को परिवार रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया तो मतदाता सत्यापन में कठिनाई हो सकती है, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम छूटने अथवा अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में बने रहने जैसी त्रुटियां हो सकती हैं। इससे मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता प्रभावित होने की आशंका है।
प्रीतम सिंह ने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने इस संबंध में 30 जुलाई को मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून से दूरभाष पर भी अनुरोध किया था, लेकिन अब तक परिवार रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया है कि एसआईआर के दूसरे चरण के प्रारंभ होने से पहले राज्य के सभी संबंधित बीएलओ को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके तथा कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

