अमित शाह के देहरादून आगमन पर कांग्रेस और उक्रांद का प्रदर्शन
देहरादून, 06 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शुक्रवार को देहरादून पहुंचने पर कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया, जबकि उक्रांद कार्यकर्ताओं ने मूल निवास, भू-कानून और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
गणेश गोदियाल ने मीडिया से बातचीत में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इस मामले में न्याय और इससे जुड़े सवालों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान की मांग कर रही है।
उन्होंने धनतेरस के दिन अमित शाह की सभा आयोजित किए जाने पर भी सवाल उठाया। गोदियाल ने कहा कि भाजपा से जुड़े संगठनों ने एक नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी की रैली का त्योहार के दौरान आयोजन होने के आधार पर विरोध किया था।
वहीं, उक्रांद कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन पर विरोध प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार से प्रदेश के मूलभूत मुद्दों पर जवाब मांगा। दल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी प्रदेश बेरोजगारी, पलायन तथा शिक्षा और स्वास्थ्य की समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अब तक मजबूत मूल निवास और भू-कानून लागू करने तथा गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की दिशा में ठोस निर्णय क्यों नहीं लिया गया।
उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट ने स्थानीय लोगों के लिए जमीन, रोजगार और प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और आपदा प्रभावितों के स्थायी पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया।
दल के महानगर अध्यक्ष प्रबीन रमोला ने कहा कि प्रदेश में अनियोजित विकास, बेरोजगारी, महंगाई, प्रदूषण और पेयजल संकट जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उक्रांद ने मूल निवास और सशक्त भू-कानून लागू करने, गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने तथा जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय जनता के अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

