home page

राहुल गांधी की गिरफ्तारी व छात्रों पर लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
राहुल गांधी की गिरफ्तारी व छात्रों पर लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन


गोपेश्वर, 22 जुलाई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को चमोली जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गोपेश्वर तिराहे पर धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा गया।

कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी और नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र गरोड़िया के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट एवं अन्य परीक्षा-पत्र लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया जाना लोकतंत्र की हत्या है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान आंदोलकारी महिलाओं और छात्राओं के साथ जो दुरव्यवहार सोशल मीडिया के जरिए सामने आ रहा है। वह भाजपा सरकार की महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास की ओर किए गए विरोध मार्च के दौरान राहुल गांधी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग और लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने तथा परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की गई है। शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।

इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता कमल रतूड़ी, अरविंद नेगी, प्रमोद बिष्ट, आनंद सिंह पंवार, ऊषा रावत, सूर्य प्रकाश पुरोहित, विपिन फरस्वाण, देवेन्द्र फरस्वाण, कुंवर सिंह भंडारी,योगेंद्र बिष्ट, विजय हिंदवाल, तेजवीर कंडेरी, रविन्द्र बत्र्वाल, मनमोहन ओली, राजेन्द्र सिंह रावत, महेशी देवी, पूनम रावत, भगत कनियाल, शिवलाल आर्य, अनीता नेगी, जगत लाल, ऊषा फरस्वाण, विक्रम नेगी, प्रताप लाल, मदन सेमवासी, गोवर्धन टम्टा, मुकुल बिष्ट, जयवीर नेगी, गोपाल रावत आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल