कांग्रेस ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
हल्द्वानी, 21 जुलाई (हि.स.)। हल्द्वानी में महानगर कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्र-युवाओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को बुद्ध पार्क में केंद्र सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र-युवा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं,लेकिन केंद्र सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने कहा कि युवा शिक्षा,रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं,लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार और छात्र नेता कमल बोरा ने कहा कि छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और कांग्रेस उनके समर्थन में खड़ी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार,युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

