home page

कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर से, चार दल अलग-अलग क्षेत्रों में करेंगे जनसंपर्क

 | 
कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर से, चार दल अलग-अलग क्षेत्रों में करेंगे जनसंपर्क


देहरादून, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान के तहत 22 अक्टूबर से ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यात्रा के लिए चार दल गठित किए हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संपर्क करेंगे। यात्रा के तहत 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी के लिए बैठक भी प्रस्तावित है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजीव महर्षि ने मंगलवार को बताया कि पहले दल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रकाश जोशी, करन माहरा, भुवन कापड़ी और तिलकराज बेहड़ करेंगे। यह दल 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा के गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रानीखेत, खैरना,भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को लालकुआं,किच्छा,सितारगंज,नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर और 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचेगा। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल की यात्रा का समापन होगा।

दूसरे दल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत सिंह बुटोला करेंगे। यह दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचेगा। 24 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा और कोटद्वार और 25 अक्टूबर को लैंसडाउन और बीरोंखाल में यात्रा प्रस्तावित है। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी के लिए बैठक होगी।

तीसरे दल का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे। यह दल 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकालेगा। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर, 24 अक्टूबर को चकराता के त्यूनी में यात्रा और कार्यकर्ता सम्मेलन, 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर और 26 अक्टूबर को ऋषिकेश में कार्यक्रम होंगे।

चौथे दल का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और विधायकों काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, वीरेंद्र कुमार जाति और अनुपमा रावत करेंगे। यह दल 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से यात्रा शुरू कर ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचेगा। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा और 25 अक्टूबर को भगवानपुर,रुड़की और मंगलौर में कार्यक्रम होंगे। 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर में यात्रा प्रस्तावित है।

राजीव महर्षि ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न संगठन भी अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा में भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय