home page

2027 मे कांग्रेस की होगी वापसी: राकेश राणा

 | 
2027 मे कांग्रेस की होगी वापसी: राकेश राणा


नई टिहरी, 11 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं देवप्रयाग-नरेंद्रनगर संगठनात्मक जनपद के प्रभारी राकेश राणा ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की सत्ता में कांग्रेस की मजबूत वापसी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त है और बदलाव का मन बना चुकी है।

बुधवार को कीर्तिनगर ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में राणा ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभी से चुनाव को मिशन मानकर जनता के बीच जाएं। कांग्रेस की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ भाजपा सरकार की विफलताओं को भी उजागर करें।

राणा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अव्यवस्थाओं और जनविरोधी नीतियों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ जनसमस्याओं को उठाने की अपील की।

बैठक में नवनियुक्त सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष रामलाल नौटियाल और मलेथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र बुटोला का स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर पीसीसी सदस्य मोहनानंद डोभाल, श्यामलाल आर्य, राजेंद्र सिंह चंद, रघुबीर सिंह भंडारी, डॉ. प्रताप सिंह भंडारी और अंजना कुंवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी