home page

राहुल गांधी करेंगे उत्तराखंड में 'छात्रों की गूंज' अभियान का उद्घोष, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

 | 
राहुल गांधी करेंगे उत्तराखंड में 'छात्रों की गूंज' अभियान का उद्घोष, तैयारियों को लेकर हुई बैठक


-रोजगार और शिक्षा के सवालों पर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी

देहरादून, 10 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष, प्रीतम सिंह, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में कार्यक्रम को सफल और व्यापक बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई तथा सभी नेताओं ने अपने सुझाव दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश प्रदेश के प्रत्येक युवा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों से युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहरा गया है व उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्हें रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा से 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत की थी और अब 17 जुलाई को इसका उत्तराखंड में आयोजन होगा। गोदियाल ने युवाओं से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय