अंकिता प्रकरण पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दुष्यंत की नियुक्ति रद्द करने की मांग
हरिद्वार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में जिला महानगर कांग्रेस ने गुरूवार को देवपुरा चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियुक्ति रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग की।
दिल्ली में अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने पर भी आक्रोश जताया।
जिला महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि बेटी खो चुके माता-पिता को न्याय के लिए सड़कों पर उतरना पड़े और पुलिस कार्रवाई झेलनी पड़े, यह सत्ता की संवेदनहीनता है।
उत्तराखंड अंकिता को नहीं भूला है।
युवा नेता वरुण बालियान और महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने कथित वीआईपी को लेकर दुष्यंत गौतम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इनकी सच्चाई निष्पक्ष जांच से ही आएगी। ऐसे में उन्हें राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्त करना गलत संदेश देता है।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और पूर्व अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने नियुक्ति रद्द कर समयबद्ध, बिना राजनीतिक दबाव जांच की मांग की।
कहा, जांच के दायरे में आने वाले किसी प्रभावशाली व्यक्ति को राहत नहीं मिलनी चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु राजपूत और ओबीसी अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने राहुल और प्रियंका गांधी का आभार जताया। प्रदर्शन में सीपी सिंह, दाताराम चौहान, दिनेश चौहान, अमित गुप्ता, विशाल अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

