home page

संत कबीर के मार्ग पर चलकर ही होगा समाज का उत्थान: डॉ. पंवार

 | 
संत कबीर के मार्ग पर चलकर ही होगा समाज का उत्थान: डॉ. पंवार


हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। संत कबीर के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज का उत्थान संभव है। करीब 650 वर्ष पहले संत कबीर ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का जो संदेश दिया था, उसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए उनकी वाणी और विचारों का अनुसरण करना जरूरी है।

यह बात देवपुरा स्थित श्री कबीर आश्रम में श्री कबीर आश्रम धर्मार्थ ट्रस्ट समिति की ओर से आयोजित सामाजिक चिंतन, समरसता एवं सद्भावना सम्मेलन में मुख्य अतिथि डॉ. ओमवीर सिंह पंवार ने कही। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज बिखराव के साथ विकास नहीं कर सकता। समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। किसी भी सामाजिक कार्यक्रम की सफलता सभी की भागीदारी से ही संभव है।

डॉ. पंवार ने कहा कि संत का चोला पहनकर गलत कार्य करने वालों का समाज को विरोध करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा ही आने वाली पीढ़ी को आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने आपसी सहयोग से भेदभाव और मतभेद दूर करने तथा समाज की बेहतरी के लिए सोच में बदलाव लाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि समाज के छोटे-बड़े कार्यक्रमों में सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए और लोगों को जागरूक करना चाहिए। बेटियों को शिक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। कहा कि आपसी संवाद से ही भाईचारा और प्रेम मजबूत होगा।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष अजब सिंह, पालेराम, तिलकराज, ओमप्रकाश, कृपाल सिंह, निरुराम, मस्तराम, संजय कुमार, राजेंद्र, कैलाश, मेहर सिंह, शिवकुमार, एडवोकेट आनंद कुमार, प्रवीण प्रधान, एडवोकेट अमरीश, खिलाराम, धर्मेंद्र सिंह, एडवोकेट लोकेश कुमार, लाला घनश्याम, प्रमोद और करनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला