एआई और साइबर सुरक्षा पर मंथन के साथ कोर में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू
हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। रुड़की स्थितकोर विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में नवीन तकनीकों पर तीन दिवसीय द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईसीई और सीपीटी-2026 का बुधवार को शुभारंभ हुआ। सम्मेलन 21 नवंबर तक चलेगा।
आईईईई और आईईईई इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स सोसायटी के सहयोग से आयोजित सम्मेलन का विषय इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर साइंस विद एडवांस्ड पावर टेक्नोलॉजीज-ए फ्यूचर ट्रेंड है।
इसमें देश-विदेश के शोधकर्ता, शिक्षाविद और उद्योग जगत के विशेषज्ञ हाइब्रिड माध्यम से प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष इं. जेसी जैन, कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह और प्रो-वाइस चांसलर डॉ. राजेश उपाध्याय मौजूद रहे। एशिया यूनिवर्सिटी, ताइवान के सीसीआरआई निदेशक डॉ. बृज गुप्ता मुख्य अतिथि और इसरो के पूर्व वैज्ञानिक चंदन झा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कुलपति डॉ. अनुभा सिंह ने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में मशीनें भी सीखने लगी हैं।
एआई ने विकास के नए अवसर खोले हैं, लेकिन इसके साथ गंभीर चुनौतियां भी सामने आई हैं। एआई पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय मानवीय बुद्धिमत्ता और विवेक का इस्तेमाल जरूरी है।
सम्मेलन के लिए करीब 2,000 शोध पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 278 शोध पत्रों का चयन किया गया है। पहले दिन साइबर सुरक्षा और एआई पर विशेष चर्चा हुई।
सम्मेलन में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्ट ग्रिड, इलेक्ट्रिक वाहन, वीएलएसआई, आईओटी, सिग्नल प्रोसेसिंग, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा और ब्लॉकचेन सहित सात तकनीकी ट्रैक निर्धारित किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

