home page

जनता मिलन में डीएम को बताई समस्याएं

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 06 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 21 शिकायतें दर्ज की गई। इस दौरान फरियादियों ने पेयजल किल्लत, जंगली जानवरों के आतंक आदि की समस्याएं बताई। डीएम ने संबंधित अफसरों को जल्द ही समस्याएं हल करने के निर्देश दिए।

सोमवार को आयोजित जनता मिलन में चंदोलाराईं के ग्रामीणों ने अनियमित पेयजल आपूर्ति व जलस्रोतों के रखरखाव की समस्या उठाई। डीएम ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को अगले ही दिन कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर स्थिति का आकंलन करने व नियमित जलापूर्ति करवाने के निर्देश दिए। रतकोटी निवासी दलवीर सिंह ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने वन्यजीव के हमले में घायल हुई अपनी पत्नी के लिए चोटों की गंभीरता के अनुरूप मुआवजा बढ़ाने की मांग की।

मांडाखाल के ग्रामीणों ने चर्च के ऊपर स्थित जर्जर देवदार के पेड़ से संभावित खतरे की जानकारी देते हुए उसे हटाने की मांग की, डांडापानी निवासी मंगतराम ने अपने मकान से सटे खड़ीक के पेड़ के पातन की मांग की। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को राजस्व उपनिरीक्षक से तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर एसडीएम गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह