home page

एकेश्वर में बहुउद्देशीय शिविर, 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

 | 
एकेश्वर में बहुउद्देशीय शिविर, 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण


पौड़ी गढ़वाल, 19 सितंबर (हि.स.)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सेवा संकल्प अभियान में विकासखंड एकेश्वर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की ओर से दर्ज कराई गईं 11 शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की।

पीडी डीआरडीए ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर न जाना पड़े।

शिविर में जल निगम, जल संस्थान, लोनिवि, विद्युत, सिंचाई, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, सहकारिता, ग्राम्य विकास, वन, उद्योग एवं एमएसएमई, महिला एवं बाल विकास, उद्यान, समाज कल्याण, राजस्व, पंचायती राज, युवा कल्याण और पशुपालन समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख मुकेश पांथरी, कनिष्ठ उप प्रमुख सुनीता देवी, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ सौरभ हांडा, एबीडीओ राकेश शाह, एडीओ पंचायत बनेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह