home page

कन्या गुरुकुल में शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, स्वतंत्र परिसर में शुरू हुई छात्राओं की कक्षाएं

 | 
कन्या गुरुकुल में शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, स्वतंत्र परिसर में शुरू हुई छात्राओं की कक्षाएं


हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। कन्या शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में गुरुकुल की भूमिका आज भी महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के राजेंद्र छात्रावास परिसर स्थित कन्या गुरुकुल हरिद्वार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ यज्ञ के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षिकाओं और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर किरण जैसल ने कहा कि महिला शिक्षा को वर्तमान स्वरूप प्रदान करने में गुरुकुल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानन्द की सोच और मूल्यपरक विचारधारा ने महिलाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नई राह बनाई। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपनी शक्ति बनाकर देश के भविष्य को संवारने में योगदान दें।

मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाओं की शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही देश को विकसित एवं विश्व शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूती मिलेगी।

समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि जब भी देश और समाज को नेतृत्व की आवश्यकता पड़ी, गुरुकुल ने अपने दायित्व का निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में छात्राओं को बेहतर संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में अब छात्राओं की कक्षाएं स्वतंत्र परिसर के रूप में शुरू की जा रही हैं।

कार्यक्रम में प्रो. सुरेखा राणा, प्रो. नवनीत, प्रो. राजकुमार भाटिया, डॉ. बबीता शर्मा, डॉ. मीरा त्यागी, डॉ. निशा, डॉ. रेखा मलिक, डॉ. दीपा गुप्ता, डॉ. शालिनी, डॉ. प्रीति आर्य, डॉ. सुनीति आर्य, डॉ. रीना नौटियाल, डॉ. श्वेता अग्रवाल, डॉ. वंदना, डॉ. प्रमिला आर्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

गुरुकुल क्षेत्र पार्षद नागेंद्र राणा, जीवन वरियाल, डॉ. विपिन बालियान, कुलभूषण शर्मा, सत्यदेव, मनोज और विकास कुमार सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। यज्ञ कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपा गुप्ता, डॉ. बबीता शर्मा एवं डॉ. रेखा मलिक ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला