एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सुरक्षा कड़ी
हल्द्वानी, 14 सितंबर (हि.स.)। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बढ़ती गतिविधियों के बीच पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अमित सैनी ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों और कॉलेज के संविधान के अनुरूप ही संपन्न कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने अथवा परिसर में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि कॉलेज में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कॉलेज में प्रवेश के दौरान छात्रों के पहचान पत्रों की जांच की जा रही है और बिना आई-कार्ड के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों की कॉलेज परिसर और आसपास की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य कॉलेज परिसर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए छात्रसंघ चुनाव को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

