सर्व पितृ अमावस्या पर चंडीघाट में होगा सामूहिक तर्पण
हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सर्व पितृ अमावस्या के अवसर पर 10 अक्टूबर को हरिद्वार के चंडीघाट पर धर्म और हिंदू आस्था के लिए बलिदान हुए लोगों की स्मृति में सामूहिक श्राद्ध एवं तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अयोध्या फाउंडेशन की संस्थापक मीनाक्षी शरण के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं के शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, इसी दिन देश में 250 व विदेश में 35 स्थानों पर भी सामूहिक तर्पण किया जाएगा।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मीनाक्षी शरण ने बताया कि अयोध्या फाउंडेशन पिछले नौ वर्षों से उन लोगों की स्मृति में श्राद्ध और तर्पण का अभियान चला रहा है, जिनके बारे में संगठन का मानना है कि उन्होंने सदियों के दौरान अपनी हिंदू आस्था और धार्मिक पहचान की रक्षा के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे लोगों का विधि-विधान से अंतिम संस्कार और श्राद्ध नहीं हो पाया। ऐसे में सामूहिक तर्पण के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देने और उनकी स्मृति को समाज में जीवित रखने का प्रयास किया जा रहा है।
मीनाक्षी शरण ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य भारतीय समाज को इतिहास में हुए बलिदानों के प्रति जागरूक करना और स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किए गए संघर्षों, त्याग तथा चुकाई गई कीमत को याद करना है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और इतिहास से परिचित कराना तथा नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक करना भी इस आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
मीनाक्षी शरण ने कहा कि 10 अक्टूबर को चंडीघाट पर होने वाले कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु सामूहिक तर्पण करेंगे।
मीनाक्षी शरण ने बताया कि तर्पण के लिए कुतुप मुहूर्त सुबह 11.45 बजे से दोपहर 12.31 बजे तक है इसी दौरान तर्पण किया जाएगा। इस दौरान हिन्दू रक्षा मंच के अध्यक्ष तरूण गौतम भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

