चारधाम यात्रा: हेली सेवा, भीड़ नियंत्रण और डिजिटल मॉनिटरिंग पर विशेष फोकस
-ग्रीन एवं क्लीन यात्रा पर जोर, प्लास्टिक पर पूरी तरह लगाम
देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा-2026 को लेकर सख्त एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के संचालन में व्यावसायिक दृष्टिकोण की अपेक्षा मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिल सके।
गुरुवार शाम सचिवालय में चारधाम यात्रा व्यवस्था-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को इस बार अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
सीएम ने 'ग्रीन एवं क्लीन चारधाम यात्रा' अभियान को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध और जगह-जगह कलेक्शन बॉक्स लगाने को कहा। साथ ही फर्जी खबर फैलाने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी और नियमित मेंटेनेंस व फिटनेस चेक अनिवार्य किया। भीड़ नियंत्रण के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग और स्लॉट सिस्टम लागू करने के साथ-साथ पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी और एआई आधारित निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
सीएम ने कहा कि यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय और शेल्टर की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आपदा प्रबंधन को लेकर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक जाम रोकने के लिए वैकल्पिक मार्ग और सख्त ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य करने और ओवररेटिंग पर सख्ती के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर 24x7 कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम और रियल-टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता मिल सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

