home page

युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की आधारशिला : मुख्यमंत्री

 | 
युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की आधारशिला : मुख्यमंत्री


देहरादून, 16 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘युवा संकल्प दिवस’ कार्यक्रम में कहा कि युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की प्रमुख आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करने, नशे से दूर रहने और अपनी सफलता व सामर्थ्य का कुछ हिस्सा प्रदेश के विकास में लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस को ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाए जाने पर प्रदेश के युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि जन्मदिवस पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। वर्ष 2047 में देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने पर आज की युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश के विकास का नेतृत्व कर रही होगी। विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार की तलाश में अपना घर, गांव और प्रदेश छोड़ने की मजबूरी न हो। युवा रोजगार तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाले भी बनें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक रोजगार एवं उद्योग के स्वरूप में तेजी से बदलाव ला रहे हैं। युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से भी स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

धामी ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं से संबंधित नीतियों में उनकी आवाज और भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने तथा नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड की खेलों के क्षेत्र में पहचान और मजबूत हुई है। सरकार खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की वर्षों की मेहनत, उसके सपनों और अधिकार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। कोई भी नियुक्ति केवल एक आंकड़ा नहीं होती, उसके पीछे युवा की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।

उन्होंने युवाओं से तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए भी किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया के दौर में आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहते हुए किसी भी जानकारी को तथ्यों की कसौटी पर परखना चाहिए।

नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए धामी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर के साथ उसके सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने जन्मदिवस पर ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’ मांगा। उन्होंने पहला संकल्प जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करने, दूसरा स्वयं नशे से दूर रहने और साथियों को भी इससे दूर रखने तथा तीसरा जीवन में सफलता प्राप्त करने के बाद अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ अंश उत्तराखंड के विकास के लिए देने का लेने को कहा।

उन्होंने कहा कि युवा डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी अथवा जनसेवा के क्षेत्र में जाएं, लेकिन सबसे पहले अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवाओं के सपने, परिश्रम और संकल्प विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड के निर्माण की मजबूत आधारशिला बनेंगे। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास और गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय