home page

विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण कर रहा उत्तराखंड : धामी

 | 
विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण कर रहा उत्तराखंड : धामी


विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण कर रहा उत्तराखंड : धामी


टनकपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ विरासत का संरक्षण हो और प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक सुविधाओं के साथ नई ऊंचाई मिले।

मुख्यमंत्री शनिवार को चंपावत जिले के टनकपुर में नवयुवक रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ का संकल्प केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है। जिले की धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को आधुनिक विकास से जोड़कर प्रभावी विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है। टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आईएसबीटी का निर्माण, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर तथा मां पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम की ओर करीब 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के साथ सड़क, परिवहन, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास की गति के साथ विरासत की गरिमा भी बनी रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर पहुंचकर खिलाड़ियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने कैंप कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।

सीता रसोई पहुंचे मुख्यमंत्री धामी,श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर दशहरा महोत्सव में सहभागिता के दौरान सीता रसोई में आयोजित भंडारे में भाग लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और भंडारे में सेवा कर रहे आयोजकों एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सेवा और सहभागिता की परंपरा समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े स्वयंसेवकों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत,दायित्वधारी मनोज कालाकोटी,हेमा जोशी एवं किरण देवी, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी,जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार,भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा,नगर मंडल चम्पावत अध्यक्ष सुनील पुनेठा,जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय