सकण्ड गांव की सड़क समस्या पर सीएम धामी का तत्काल एक्शन, तीन माह में कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 15 सितंबर (हि.स.)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड के सकण्ड (स्कंद) गांव में सड़क सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीणों के श्रमदान की खबरों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्या के समाधान को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण से संबंधित कार्रवाई तीन माह के भीतर पूरी करने की दिशा में तेजी से कार्य करने को कहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकण्ड गांव पहुंची और मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। टीम ने ग्रामीणों को प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गांवों का विकास और ग्रामीणों को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न हो, इसके लिए शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने मुख्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची है और तीन माह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन का भी धन्यवाद किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

