home page

रेशमा बिष्ट की तलाश के लिए सीएम धामी ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

 | 
रेशमा बिष्ट की तलाश के लिए सीएम धामी ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश


देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी के लापता होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उनकी तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एसएसपी टिहरी से फोन पर मामले की जानकारी ली और परिजनों को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए रेशमा की तलाश के लिए सभी संभावित कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि तलाश और जांच में उपलब्ध तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के लापता होने का मामला परिवार के लिए अत्यंत संवेदनशील और पीड़ादायक होता है। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन को सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को परिजनों को जांच की प्रगति से भी अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेशमा की सकुशल तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास किए जाएं तथा राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय