home page

मुख्यमंत्री ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 | 
मुख्यमंत्री ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


देहरादून, 31 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को जन शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने और समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर चारधाम यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं पर उनका आभार व्यक्त किया। वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय आजीविका और पर्यटन विकास के बीच संतुलन बनाते हुए विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।

बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय