home page

उत्तराखंड में परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं 59 नई बसें, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी

 | 
उत्तराखंड में परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हुईं 59 नई बसें, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी


-नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित

- बीएस-06 मानकों वाली बसों से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत

देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखण्ड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नई बसों के संचालन से विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

परिवहन निगम की इन 59 बसों में से नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें आवंटित की गई हैं। इनका संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।

वर्तमान में परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप नई बसों के शामिल होने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन का विशेष महत्व है। बेहतर परिवहन सेवाएं दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करती हैं। सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

--

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय