home page

धार्मिक पर्यटन से रोजगार और स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा : धामी

 | 
धार्मिक पर्यटन से रोजगार और स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा : धामी


नैनीताल, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों के लिए व्यापक बाजार के अवसर बढ़ेंगे। श्री धामी नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में शामिल होने के बाद संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। सरकार ‘‘विकास भी और विरासत भी’’ के मंत्र के साथ प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि केदारखंड की तर्ज पर कुमाऊं क्षेत्र में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत प्रमुख पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। मां नैना देवी, कैंची धाम और मुक्तेश्वर सहित धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

श्री धामी ने कहा कि नैनीताल जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और कनेक्टिविटी जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि पहाड़ के लोगों को बेहतर सुविधाओं के लिए दूर न जाना पड़े और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि देवभूमि की भूमि, संसाधनों और सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। वर्ष 2025 में किए गए संशोधन के तहत 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा कृषि एवं उद्यान श्रेणी की भूमि खरीद पर रोक का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता 27 जनवरी 2025 से प्रभावी है। उन्होंने बताया कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और अब तक 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए उचित बाजार और बेहतर स्थान उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मां नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना और आरती में भाग लिया तथा प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय