home page

बीमार बच्चे के इलाज की जिम्मेदारी उठाएंगे मुख्यमंत्री धामी, जिलाधिकारी ने दिए एमआरआई कराने के निर्देश

 | 
बीमार बच्चे के इलाज की जिम्मेदारी उठाएंगे मुख्यमंत्री धामी, जिलाधिकारी ने दिए एमआरआई कराने के निर्देश


खटीमा, 31 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के आठ वर्षीय बीमार बेटे देव के उपचार में मदद का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मुख्य चिकित्साधिकारी और चिकित्सकों के साथ रवि शर्मा के घर पहुंचकर बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

रवि शर्मा लोहियाहेड में टिक्की की दुकान चलाते हैं। गत दिवस मुख्यमंत्री धामी उनकी दुकान पर गए थे। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका आठ वर्षीय बेटा देव बचपन से बीमारी से पीड़ित है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते। बच्चे का उपचार पहले से कराया जा रहा है तथा देहरादून स्थित इंद्रेश अस्पताल में भी उसका इलाज कराया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सोमवार देर शाम मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. एचएस ऐरी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी के साथ रवि शर्मा के आवास पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे का परीक्षण करने के साथ उसके पूर्व उपचार और मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली।

परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की एमआरआई कराने की सलाह दी, जिसके आधार पर जिलाधिकारी ने मंगलवार को ही एमआरआई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चे को अभिभावकों के साथ जिला चिकित्सालय ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के उपचार में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और इलाज में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बच्चे के उपचार का पूरा खर्च वहन करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय