home page

सरकारी नीतियों में शामिल होंगे विद्यार्थियों के सुझाव : मुख्यमंत्री

 | 
सरकारी नीतियों में शामिल होंगे विद्यार्थियों के सुझाव : मुख्यमंत्री


देहरादून, 10 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के सुझावों को राज्य सरकार की नीतियों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में उत्तराखंड और देश का नेतृत्व करेंगे।

सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बातें कही। इस दौरान उन्होंने ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल का शुभारंभ किया और ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड: एक विकसित राज्य के लिए मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता की शुरुआत की।

कार्यक्रम में प्रदेश के 2,828 सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के कक्षा 11वीं और 12वीं के तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने खेलों को बढ़ावा देने, सप्ताह में चार दिन खेल पीरियड, उच्च शिक्षा को बेहतर बनाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने सहित कई सुझाव दिए।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को इनके आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के सुझावों को सरकारी नीतियों में भी स्थान दिया जाएगा।

धामी ने कहा कि निबंध प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 140 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों की नीट, जी, सीएलएटी और सैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग तथा अन्य आवश्यक शुल्कों का वहन राज्य सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को एआई के संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक सहयोगी होनी चाहिए, सोचने और सीखने की क्षमता का विकल्प नहीं। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का उल्लेख किया।

उन्हाेंने कहा कि युवाओं के लिए संवाद का रास्ता हमेशा खुला है। विद्यार्थी अपनी समस्याओं, सुझावों और विचारों को सरकार के साथ खुलकर साझा कर सकते हैं।

इस अवसर पर मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, गोविंद राम जायसवाल, राहुल अग्रवाल, रिया अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय