home page

स्थानीय दुकानदारों से मिले धामी, बोले- छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देना सामूहिक जिम्मेदारी

 | 
स्थानीय दुकानदारों से मिले धामी, बोले- छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देना सामूहिक जिम्मेदारी


खटीमा, 31 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, दुकानों और छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल नारा नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री अचानक मिलन डेरी पहुंचे और वहां चाय पी। मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया। मिलन डेरी में चाय की चुस्की लेते हुए धामी ने दुकानदारों और वहां मौजूद लोगों से आत्मीय बातचीत की तथा उनके कारोबार और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय बाजार और अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलता है। इससे छोटे कारोबारियों का मनोबल बढ़ने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हुनर और उद्यमिता से भी जुड़ी है। सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मेलाघाट रोड पर पैदल चलकर स्थानीय डेरी में चाय पीने की मुख्यमंत्री की पहल ने स्थानीय कारोबारियों के प्रति सम्मान और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय