सीएम धामी को संतों ने दी जन्मदिन की बधाई, वैश्य समाज ने छात्रों को बांटी पुस्तकें
हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके जन्मदिवस पर संत समाज ने शुभकामनाएं दीं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में संतों ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम रच रहा है। सनातन के मान बिंदुओं के संरक्षण को गति मिली है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जनता का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी और महंत दर्शन भारती ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी।
वहीं मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार ने भल्ला इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को ज्ञान-विज्ञान की पुस्तकें वितरित कीं। समाज के संस्थापक अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल और डॉ. अजय अग्रवाल ने कहा कि पुस्तकें छात्रों के जीवन और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शिक्षित समाज ही राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। महावीर मित्तल और विनीत अग्रवाल ने कहा कि युवा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर वैज्ञानिक, डॉक्टर और इंजीनियर बनकर देश सेवा करें। प्रधानाचार्य त्रिलोकचंद ने आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

