home page

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ को दी 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात

 | 
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ को दी 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात


-67 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, नौ विकास कार्यों की घोषणा

-डीडीहाट सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय बनाने और मूनाकोट में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा

पिथौरागढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान उन्होंने जनपद के विकास के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने डीडीहाट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने, मवानी के अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने और मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा विभिन्न सड़कों के सुधारीकरण, डामरीकरण और चौड़ीकरण, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना तथा मंदिरों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। इससे होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

धामी ने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल बनने से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी तथा हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया गया है। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, कठोर नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है तथा प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून को राज्यहित में उठाए गए कदम बताया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को जनसमूह के साथ सुना। कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को नेत्र चिकित्सा की बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय