home page

जन स्वास्थ्य की अनदेखी पर छह इंजीनियर निलंबित

 | 
जन स्वास्थ्य की अनदेखी पर छह इंजीनियर निलंबित


देहरादून, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के मामले में राज्य सरकार ने छह इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

निलंबित अधिकारियों में जल संस्थान हल्द्वानी के प्रभारी अधीक्षण अभियंता, नैनीताल जल संस्थान के सहायक अभियंता और अपर सहायक अभियंता और पेयजल निगम भीमताल के अधिशासी अभियंता, प्रभारी सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं। नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भविष्य में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जन स्वास्थ्य से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए शीर्ष अधिकारियों को जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सरकार ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धामी ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है और जनता के हितों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री के निर्देश पर नीट यूजी-2026 की राज्य केंद्रीयकृत काउंसिलिंग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश लेने के मामले में भी कार्रवाई की गई थी। इस मामले में अब तक आठ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त करने के साथ उनकी प्रवेश प्रक्रिया भी रद्द की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय