home page

छात्रसंघ चुनाव में जीत के बाद सीएम धामी से मिले एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारी

 | 
छात्रसंघ चुनाव में जीत के बाद सीएम धामी से मिले एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारी


देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने हाल में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में विजयी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाले दायित्व युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और व्यक्तित्व को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहितों के साथ राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में कार्य करती रही है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने और संगठन की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता,अनुशासन,समर्पण और प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है। छात्र प्रतिनिधियों को विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने की दिशा में काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बदलते समय के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,डिजिटल माध्यमों और रोजगार के बदलते अवसरों के दौर में युवाओं का स्वयं को लगातार अपडेट रखना जरूरी है। युवाओं को अपने अध्ययन क्षेत्र के साथ देश-दुनिया में हो रहे बदलावों और नई तकनीकों की जानकारी भी रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं का विकास केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं होना चाहिए। नेतृत्व,संवाद,अनुशासन,निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण भी छात्र जीवन में विकसित होते हैं। व्यक्तिगत विकास के साथ युवाओं को संगठन और समाज के सशक्तीकरण में भी योगदान देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए छात्रहित में समर्पित भाव से काम करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राज्य और देश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है। इस दौरान एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय