कुंभ से पहले हरिद्वार में स्वच्छता अभियान शुरू, 7 नवंबर तक चलेगा सफाई अभियान
हरिद्वार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का शुभारंभ बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने हरकी पैड़ी से किया। अभियान के पहले दिन करीब दो कुंतल सूखा और गीला कूड़ा एकत्रित किया गया।
अभियान में श्रीगंगा सभा, नगर निगम, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। अभियान के तहत गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह अभियान सात नवंबर तक जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने और धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी संत समाज, औद्योगिक इकाइयों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन से अभियान को सफल बनाने की अपील की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने लोगों से नगर निगम की स्वच्छता मुहिम में सहयोग करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर श्रीगंगा सभा से वीरेंद्र कौशिक, अनुराग सरदार, हिमांशु, अनुराग सहित सभा के कर्मचारी, नगर निगम के पर्यावरण मित्र और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

