उत्तराखंड में एविएशन एकेडमी, एटीसी नेटवर्क विस्तार और जिला मुख्यालयों को हवाई सेवा से जोड़ने के निर्देश
देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक में उधमसिंह नगर के पराग फार्म में राज्य की अपनी एविएशन एकेडमी स्थापित करने, सभी जिला मुख्यालयों को देहरादून से हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ने तथा प्रदेश में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) व्यवस्था का विस्तार करने के निर्देश दिए।
सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि पर्वतीय राज्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में हेलिपोर्ट और हेलीपैड का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये दूरस्थ क्षेत्रों के लिए लाइफलाइन साबित होंगे। उन्होंने देहरादून से सभी जिला मुख्यालयों को हवाई सेवा से जोड़ने और पौड़ी जिले के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लैंसडाउन को भी हवाई संपर्क से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने को कहा।
उन्होंने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रणाली की स्थापना से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि इसके लिए सिविल कार्य राज्य सरकार और तकनीकी सहायता व मानव संसाधन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने युकाडा को प्रदेश में एटीसी नेटवर्क का विस्तार करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने उधमसिंह नगर के पराग फार्म में एविएशन एकेडमी एवं पायलट प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने हवाई सेवाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) और पीटीजेड कैमरे स्थापित करने पर भी जोर दिया। इसके लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा।
उन्होंने दूरस्थ और कम सेवा वाले क्षेत्रों में हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए हेलिपोर्ट और हेलीपैड विकसित करने के निर्देश दिए। गुंजी और आदि कैलाश क्षेत्र में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए एयरस्ट्रिप अथवा हेलीपोर्ट विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार के साथ कुमाऊं क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी की समग्र योजना तैयार की जाए। साथ ही केंद्र सरकार की उड़ान-2 योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए नए हवाई मार्गों का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, युकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

