home page

क्रिकेट खेलने का सपना लेकर घर से निकला 14 वर्षीय बालक, बरामद

 | 
क्रिकेट खेलने का सपना लेकर घर से निकला 14 वर्षीय बालक, बरामद


हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। कोतवाली गंगनहर रूड़की पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 14 वर्षीय लापता बालक को नई दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यवाही की सराहना की।

पुलिस के अनुसार 26 मार्च 2026 को एक नाबालिग के अचानक लापता होने की सूचना मिली थी। अगले दिन 27 मार्च को बालक की माता ने कोतवाली गंगनहर में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने बालक की तलाश के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ कई स्थानों पर खोजबीन की। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, फोटो प्रसार, डीसीआरबी, एससीआरबी, एनसीआरबी, बाल सहयोगी पोर्टल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, शेल्टर होम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भी मदद ली गई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बालक को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह क्रिकेट खेलने की इच्छा के चलते बिना बताए घर से निकल गया था और इस दौरान दिल्ली, मथुरा, वृंदावन, अमृतसर और राजस्थान जैसे स्थानों पर घूमता रहा। बालक ने अपने साथ किसी प्रकार की अनहोनी होने से इनकार किया है।

विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस अभियान में क्षेत्राधिकारी रुड़की नताशा सिंह, प्रभारी निरीक्षक गंगनहर मणिभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार, उप निरीक्षक बीरेंद्र सिंह, बृजकिशोर, रघुवीर सिंह, कांस्टेबल अलियास अली, रणवीर नितिन, अजय दत्त, अजय वीर तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट से अपर उप निरीक्षक जगपाल सिंह और हेड कांस्टेबल मुकेश शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला