home page

मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन पर शिकायत, शिकारपुर में घर-घर पहुंचा पानी

 | 
मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन पर शिकायत, शिकारपुर में घर-घर पहुंचा पानी


हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज पेयजल संबंधी शिकायत का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता शिकारपुर लंढौरा निवासी गीता पत्नी अंकित से दूरभाष पर बातचीत कर पानी की समस्या की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने और पेयजल निगम को जल्द व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र मंगलवार को शिकायतकर्ता गीता के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शिकारपुर लंढौरा स्थित कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और पानी की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।

अधिशासी अभियंता पेयजल निगम राजेश गुप्ता ने बताया कि शिकारपुर लंढौरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कॉलोनी का निर्माण किया गया है। यहां पूर्व में कॉलोनीवासियों को अस्थायी व्यवस्था के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा था। पेयजल लाइन में पानी का प्रेशर कम होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभाग ने कॉलोनी में निर्मित नई पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार शाम से ही शिकायतकर्ता सहित अन्य कॉलोनीवासियों के घरों में पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।

निरीक्षण में शिकायतकर्ता के घर समेत पूरी कॉलोनी में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध पाया गया। पेयजल व्यवस्था बहाल होने पर गीता समेत कॉलोनीवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताया।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम जीएस तोमर, अधिशासी अभियंता विद्युत यांत्रिक शाखा सुधीर कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी एमएम खान, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत लंढौरा हेमंत कुमार समेत अन्य अधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला