home page

विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस के 164 मामलों का निस्तारण

 | 

देहरादून, 21 नवंबर (हि.स.)। देहरादून में शनिवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस से संबंधित 164 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 5,92,27,651 रुपये की धनराशि पर पक्षकारों के बीच समझौता कराया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन में जनपद के सभी न्यायालयों में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत चेक बाउंस के मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की गई।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष हरिश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित लोक अदालत में लंबित 162 मामलों का निस्तारण कर 5,35,27,651 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया। इसके अलावा, मुकदमा दायर होने से पहले के स्तर पर दो मामलों का निस्तारण करते हुए 57 लाख रुपये की धनराशि पर समझौता हुआ। इस प्रकार विशेष लोक अदालत में कुल 164 मामलों का निस्तारण कर 5.92 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पर सहमति बनी।

आयोजन में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों, पक्षकारों और न्यायालय कर्मचारियों ने सहयोग किया। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति से त्वरित और कम खर्च में विवादों का समाधान करने का अवसर मिला। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी मदद मिली।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय