home page

सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए जिलाधिकारी ने दिए अधिकारियों को फील्ड निरीक्षण के निर्देश

 | 
सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए जिलाधिकारी ने दिए अधिकारियों को फील्ड निरीक्षण के निर्देश


उत्तरकाशी, 10 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों को फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्गों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गंगोत्री मार्ग पर नगुण, रतूड़ीसेरा, बंदरकोट, चड़ेथी, लिमच्यागाड और पापड़गाड जैसे संवेदनशील स्थानों पर मलबा हटाकर मार्ग को सुचारू रखने को कहा।

यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी, पालीगाड, सिलाईबैंड और औजारी में पर्याप्त मशीनरी और श्रमिक तैनात करने के निर्देश एनएच के अधिशासी अभियंता को दिए गए। उन्होंने कहा कि मानसून के बाद यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों पर पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने को कहा।

धामों के प्रमुख पड़ावों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने के लिए जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। घोड़े-खच्चर और डंडी-कंडी संचालन को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, वाटर हीटर, चरी और म्यूल टास्क फोर्स को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने सीवीओ और एएमए जिला पंचायत को एसडीएम बड़कोट तथा सीओ के साथ समन्वय कर संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीओ जनक पंवार, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल