home page

चारधाम यात्रा से पहले ईंधन आपूर्ति पर सरकार सतर्क, कंपनियों को निर्बाध सप्लाई के निर्देश

 | 
चारधाम यात्रा से पहले ईंधन आपूर्ति पर सरकार सतर्क, कंपनियों को निर्बाध सप्लाई के निर्देश


देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। आगामी चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और शादी-विवाह के बढ़ते दबाव को देखते हुए राज्य सरकार ने गैस, पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। बुधवार को सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति खाद्य आनंद स्वरूपकी अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में घरेलू और वाणिज्यिक गैस के साथ-साथ ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राज्य स्तरीय समन्वयक, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि और सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों ने भाग लिया। सचिव खाद्य आनंद स्वरूप ने निर्देश दिए कि आम जनता को गैस आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पर्यटन और विवाह सीजन में बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारियों से सीधा संवाद कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया गया। अधिकारियों ने गैस की मौसमी बढ़ती मांग, शादी-विवाह के चलते वाणिज्यिक सिलेंडरों की अधिक खपत, परिवहन और वितरण संबंधी चुनौतियों तथा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत जैसे मुद्दे उठाए। सचिव ने इन सभी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनपदों से मिलने वाली समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है। एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय के जरिए आपूर्ति प्रणाली को सुचारू रखा जाएगा।

सचिव खाद्य ने तेल कंपनियों को निर्देशित किया कि वे सभी जनपदों में गैस एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करें और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी संबंधित विभागों और तेल कंपनियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती, कृष्ण कुमार गुप्ता, स्वर्ण सिंह, पंकज अंबलढगे और जेएल प्रसन्ना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय