home page

टनकपुर में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस जांच में जुटी

 | 

चंपावत, 03 सितंबर (हि.स.)। टनकपुर क्षेत्र के मनिहारगोठ गांव में 19 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार मनिहारगोठ निवासी नियाजुल्लाह का पुत्र अखराज खान गुरुवार को अपने घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों की नजर पड़ने पर घटना की जानकारी हुई। युवक की मौत की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर टनकपुर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में युवक के आत्महत्या करने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। घटना के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस युवक की पारिवारिक परिस्थितियों समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और गांव में भी शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी