home page

सेवा पखवाड़ा शिविर में 485 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

 | 
सेवा पखवाड़ा शिविर में 485 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ


सेवा पखवाड़ा शिविर में 485 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ


चम्पावत, 15 जुलाई (हि.स.)। सेवा पखवाड़ा के तहत संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत मऊ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में जनसमस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 74 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 485 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी को समाप्त कर गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है।

शिविर के दौरान ग्राम चमरौली की गंगा देवी ने आधार कार्ड नहीं बनने तथा ग्राम पंचायत मऊ के कल्याण सिंह ने पेंशन स्वीकृत न होने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं दुर्गा अधिकारी द्वारा आर्थिक सहायता की मांग किए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आर्थिक सहायता के साथ अन्य पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत, सड़क, सोलर लाइट, गौशाला निर्माण, घेरबाड़ और मंदिर सौंदर्यीकरण समेत विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज मऊ की कक्षा 12 की छात्रा कुमारी ज्योति को गुलदार से अपने परिवार की रक्षा करने के साहसिक कार्य के लिए वीरता सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने पात्र लाभार्थी दीपा देवी को सीएम महालक्ष्मी किट भी प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाएं वितरित की गईं, जबकि आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग ने भी परामर्श एवं उपचार सेवाएं उपलब्ध कराईं। विभिन्न विभागों ने प्रमाण-पत्र निर्गमन, खाता-खतौनी सेवाएं तथा योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की।

शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल सिंह माहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी