home page

विज्ञान प्रीमियर लीग में मेधावियों का जलवा

 | 
विज्ञान प्रीमियर लीग में मेधावियों का जलवा


विज्ञान प्रीमियर लीग में मेधावियों का जलवा


चंपावत, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से राजकीय नर्सिंग कॉलेज चम्पावत में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 में विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में ओपीएस लोहाघाट के मोहित पांडेय और जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज पनिया के दीपांशु जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों के वैज्ञानिक ज्ञान, तार्किक क्षमता और तकनीकी समझ को परखा गया।

सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज धौंन की निशा बोहरा ने दूसरा और राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत की वंदिता पांडेय ने तीसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज बाराकोट के तेजस अधिकारी दूसरे और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निलोटी के रोशन भट्ट तीसरे स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ चम्पावत की ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान आधारित प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की समझ विकसित करने में सहायक हैं। राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चक्रपाणि चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। गौरव पांडेय और जगदीश अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिला समन्वयक नवीन पंत ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। क्विज का संचालन नवीन पंत, राकेश शर्मा और नीरज पांडेय ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन नरेश जोशी ने किया। आयोजन में सतीश गहतोड़ी, पूजा जोशी, बीएन उपाध्याय, ललित मोहन, दिनेश अधिकारी, कैलाश भट्ट, देवेश बिनवाल और दीपक चौराकोटी ने सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी