home page

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

 | 
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा


चंपावत, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज बाराकोट में विकासखंड स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 के तहत क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में प्रियांशु अधिकारी और सीनियर वर्ग में रोहित जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविंद बिष्ट, विशिष्ट अतिथि पीटीए अध्यक्ष गिरधर फर्त्याल और विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र गड़कोटी की उपस्थिति में हुआ। विज्ञान समन्वयक सतीश गहतोड़ी ने प्रतियोगिता के उद्देश्य और स्वरूप की जानकारी दी। प्रवक्ता जगदीश अधिकारी ने कार्यक्रम और क्विज प्रतियोगिता का संचालन किया।

जूनियर वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़ासौसेरा के प्रियांशु अधिकारी ने प्रथम, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बाराकोट के तेजस अधिकारी ने द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज बरदाखान के तरुण जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज बाराकोट के रोहित जोशी प्रथम और हर्षित अधिकारी द्वितीय रहे। राजकीय इंटर कॉलेज बापरू की रंजना आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थी इसी माह चंपावत में आयोजित होने वाली अगली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

आयोजन में प्रकाश जोशी, शिवशंकर भट्ट, पारस जुकरिया, अंजू फर्त्याल, रीतू गोस्वामी, प्रियंका जोशी, मनीष सामंत, खिलानंद जोशी, हरीश चंद्र पांडेय, प्रदीप भट्ट सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी